ट्रक से गिरे कोयले के टुकड़े से युवक की मौत, दूसरा गंभीर, रेलवे ट्रैक पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
ब्यूरो रिपोर्ट तारा शुक्ला सोनभद्र।
सोनभद्र: शक्तिनगर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ, जहां ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से गिरा भारी टुकड़ा बाइक सवार युवकों पर जा गिरा। जानकारी के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ट्रक से अचानक कोयले का बड़ा टुकड़ा नीचे गिर गया। पीछे चल रहे दो युवक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और घंटों जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड कोयला और राखड़ लदे वाहन चल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्राम प्रधान हीरालाल ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रकों से गिरने वाले कोयले के टुकड़े लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। मृतक के परिजनों ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Leave Comments
Login to leave a comment.