ईद की खुशियां मातम में बदलीं: लतीफशाह बीयर बंधा में नहाते समय दो किशोर डूबे, एक का शव बरामद।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित लतीफशाह बीयर बंधा पर ईद के दिन उस समय हड़कंप मच गया, जब पिकनिक मनाने आए दो किशोर नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे ने त्योहार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कस्बा निवासी कमालुद्दीन का पुत्र समीर (19) और साबिर अली का पुत्र ऐखलाक (16) अपने साथियों के साथ बीयर बंधा पर घूमने आए थे। नहाने के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद देर शाम समीर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे किशोर ऐखलाक की तलाश जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर चकिया क्षेत्राधिकारी रघुराज के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन प्रताप सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलाशयों में नहाते समय सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Leave Comments
Login to leave a comment.