Breaking News
Kashi Ki Aawaz | मुगलसराय में गुब्बारा गैस सिलेंडर ब्लास्ट, जोरदार धमाके से दहशत 1 गंभीर समेत 3 घायल।
चंदौली

मुगलसराय में गुब्बारा गैस सिलेंडर ब्लास्ट, जोरदार धमाके से दहशत 1 गंभीर समेत 3 घायल।

मुगलसराय में गुब्बारा गैस सिलेंडर ब्लास्ट जोरदार धमाके से दहशत 1 गंभीर समेत 3 घायल।

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

मुगलसराय (चंदौली) कोतवाली क्षेत्र के लाठ नंबर-1 मोहल्ले में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुब्बारों में गैस भरने वाला एसिटिलीन सिलेंडर अचानक विस्फोट कर गया। धमाका इतना तेज था कि सड़क के दूसरी ओर स्थित अरविंद प्रेस की बाहरी दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में गुब्बारे बेचने का काम करने वाले चुन्नू ठठेरा (उम्र करीब 55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा सामने स्थित मकान के दो अन्य लोग भी इस विस्फोट में चोटिल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया, जहां चुन्नू की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चुन्नू ठठेरा रोज की तरह अपने ठेले पर गुब्बारों में गैस भरने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हो गया। विस्फोट के कारण सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह व चौकी प्रभारी विजय राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले शाहकुटी इलाके में भी एक सिलेंडर फटने की घटना सामने आई थी, हालांकि उस समय कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से रिहायशी इलाकों में अवैध या असुरक्षित गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.