Breaking News
Kashi Ki Aawaz | जर्जर पुल के बगल में शुरू हुआ अस्थायी पुल निर्माण, धानापुर–कुसुम्ही मार्ग पर लोगों को मिलेगी राहत।
चंदौली

जर्जर पुल के बगल में शुरू हुआ अस्थायी पुल निर्माण, धानापुर–कुसुम्ही मार्ग पर लोगों को मिलेगी राहत।

जर्जर पुल के बगल में शुरू हुआ अस्थायी पुल निर्माण, धानापुर–कुसुम्ही मार्ग पर लोगों को मिलेगी राहत।

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली जिले के धानापुर से कुसुम्ही गांव जाने वाले मार्ग पर शिवनाथ इंटर कॉलेज के पास स्थित जर्जर पुल के बगल में अस्थायी पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने दैनिक भास्कर में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है। इससे धानापुर–कुसुम्ही मार्ग पर आवागमन करने वाले ग्रामीणों को बड़ी समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। बताया जाता है कि उक्त पुल कई महीनों से बेहद खराब हालत में था। ग्रामीणों को हर समय इसके ढहने का खतरा सताता रहता था और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। कुछ महीने पहले दैनिक भास्कर ने इस जर्जर पुल की स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने पुल के दोनों ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले सूचना बोर्ड लगवा दिए थे। कुसुम्ही गांव के बाबूलाल बिंद, राजू गोड़, बृजेश गोड़, अजय यादव, गोलू यादव, मुन्ना बिंद, अखिलेश यादव और चंदन यादव समेत कई ग्रामीणों ने पुल की स्थिति पर चिंता जताई थी। ग्रामीणों का कहना था कि इसी पुल से होकर छात्र-छात्राएं, मरीज और गांव के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। दिनभर इस मार्ग पर आवाजाही बनी रहती है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता था। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए जल्द मरम्मत व वैकल्पिक मार्ग निर्माण की मांग की थी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए लगभग 90 लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसके लिए बजट का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है और वैकल्पिक मार्ग के उपयोग का निर्देश दिया है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए अब जर्जर पुल के बगल में अस्थायी पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे धानापुर–कुसुम्ही मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को फिलहाल बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.