Breaking News
Kashi Ki Aawaz | जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण: स्कूल में शिक्षा-खेल व नैतिक ज्ञान पर जोर, पीएचसी में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
चंदौली

जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण: स्कूल में शिक्षा-खेल व नैतिक ज्ञान पर जोर, पीएचसी में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण: स्कूल में शिक्षा-खेल व नैतिक ज्ञान पर जोर, पीएचसी में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को विकास खंड सकलडीहा के ग्राम पंचायत झांसी स्थित कंपोजिट विद्यालय तथा विकास खंड नियामताबाद ब्लॉक परिसर में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। सबसे पहले जिलाधिकारी कंपोजिट विद्यालय झांसी पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधे संवाद किया और पढ़ाई, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि सभी शिक्षक नियमित रूप से पढ़ाते हैं और मध्याह्न भोजन समय से मिलता है। कक्षा 8 की छात्राओं ने अंग्रेजी की पुस्तक पढ़कर सुनाई, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। हालांकि उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने की क्षमता अच्छी है, लेकिन शब्दों के अर्थ की जानकारी बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम से कम पांच अंग्रेजी शब्दों के अर्थ बच्चों को अनिवार्य रूप से याद कराए जाएं, ताकि पढ़ने के साथ-साथ समझ भी विकसित हो।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जांच में छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम मिली, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों में छात्रों की उपस्थिति में सुधार कर शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद, योग और नैतिक शिक्षा भी मिलनी चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने नियामताबाद ब्लॉक परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि यहां प्रतिदिन औसतन 100 से 120 मरीज उपचार के लिए आते हैं। जिलाधिकारी ने ओपीडी, वार्ड, लैब, गैर संचारी रोग कक्ष व कोविड वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना तथा आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में इनका भुगतान लंबित न रहे और समय-समय पर होता रहे।
निरीक्षण में सीबीसी मशीन खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने इसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। लैब अटेंडेंट ने थायराइड जांच शुरू कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भवन और परिसर से संबंधित छोटी-मोटी कमियों को भी जल्द दूर करने के निर्देश केंद्र प्रभारी और खंड विकास अधिकारी को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व सूचना के बावजूद संयुक्त खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ला के समय पर उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय, केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.