यूरोपियन कॉलोनी में बैरिकेडिंग से आवागमन ठप, कांग्रेस ने जताया विरोध; खोलने की मांग
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने एक विज्ञप्ति जारी कर मुगलसराय रेलवे प्रशासन द्वारा यूरोपियन कॉलोनी में की गई बैरिकेडिंग पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग कर नगर की जनता का आवागमन रोकना अनुचित है और इससे आम लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले नगर में सुबह टहलने के लिए यूरोपियन कॉलोनी आसपास के लोगों के लिए एक उपयुक्त स्थान बचा था, जहां वर्षों से बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए जाते रहे हैं। अब चारों ओर बैरिकेडिंग कर दिए जाने से लोगों का प्रवेश बंद हो गया है, जिससे स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बृजेश गुप्ता ने कहा कि आसपास के गांवों और वार्डों के लोगों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण था। रास्ता बंद होने से लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है और रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन को किसी तरह की सुरक्षा संबंधी आशंका है तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और जरूरत हो तो पहचान पत्र की जांच की जाए, लेकिन पूरी तरह से नाकेबंदी करना उचित नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने बैरिकेडिंग को “हिटलरशाही फरमान” बताते हुए कहा कि यदि रेलवे प्रशासन ने यूरोपियन कॉलोनी का रास्ता टहलने और आवागमन के लिए जल्द नहीं खोला, तो कांग्रेसजन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Leave Comments
Login to leave a comment.