Breaking News
Kashi Ki Aawaz | संयुक्त कृषि निदेशक का चंदौली दौरा, योजनाओं की प्रगति पर सख्त निर्देश
चंदौली

संयुक्त कृषि निदेशक का चंदौली दौरा, योजनाओं की प्रगति पर सख्त निर्देश

संयुक्त कृषि निदेशक का चंदौली दौरा, योजनाओं की प्रगति पर सख्त निर्देश
फार्मर रजिस्ट्री में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के आदेश

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली। उप कृषि निदेशक भीमसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार, 03 फरवरी 2026 को शैलेंद्र कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मंडल (वाराणसी) द्वारा उप कृषि निदेशक कार्यालय, चंदौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक भीमसेन सहित कार्यालय के कर्मचारी एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। संयुक्त कृषि निदेशक ने जनपद में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने योजनाओं की वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उप कृषि निदेशक, चंदौली को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
इसी क्रम में फार्मर रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत ग्रीन, एंबर, रेड एवं येलो डाटा की समीक्षा की गई। संयुक्त कृषि निदेशक ने कर्मचारियों को लक्ष्य आवंटित करते हुए फार्मर रजिस्ट्री में प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के अंतर्गत तिरपाल, बखारी तथा आयोजित कराए गए प्रदर्शनों में कृषि निवेश वितरण एवं डीबीटी की भी समीक्षा की गई। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत संयुक्त कृषि निदेशक ने ग्राम खरगीपुर, विकास खंड नियामताबाद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत गेहूं (लाइन सोविंग) प्रदर्शन का उप कृषि निदेशक, चंदौली के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्लस्टर प्रभारी रोहित वर्मा (एटीएम) ने बताया कि 10 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं प्रजाति डीबीडब्ल्यू-187 (करन वंदना) तथा मसूर मिनीकिट का प्रदर्शन कराया गया है। इस दौरान कृषक केवला देवी, त्रिभुवन, लालचंद्र सहित अन्य कृषकों के खेतों का भ्रमण किया गया, जहां गेहूं की फसल अच्छी अवस्था में पाई गई। प्रदर्शन प्रभारी को निर्देशित किया गया कि सभी कृषि निवेश समय से उपलब्ध कराए जाएं। अंत में खेत तालाब योजना के अंतर्गत परियोजना प्रतापपुर का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया, जिसमें कृषक श्री रामलोचन सिंह, परियोजना प्रभारी, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (ग्रुप-बी) एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, चंदौली उपस्थित रहे। निरीक्षण के माध्यम से कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.