मीना मंच बाल उत्सव में निखरी बच्चों की प्रतिभा, 10 छात्र-छात्राएं मंडल स्तर के लिए चयनित
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत विद्यालयों में बच्चों की अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने की अनुशंसा के क्रम में जनपद चंदौली में मीना मंच के माध्यम से “प्रगति–स्वाभिमान और सफलता की ओर–2.0” बाल उत्सव का जनपद स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मसम्मान, जीवन कौशल, लैंगिक समानता और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच देना रहा। उत्तर प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में संचालित मीना मंच बच्चों के लिए क्रॉस-लर्निंग स्पेस, खुली चर्चा और रचनात्मक गतिविधियों का अवसर प्रदान करता है। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रतिभागियों में से मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनपद स्तर के लिए 60 प्रतिभागियों (30 कॉमिक बुक/पोस्टर एवं 30 बदलाव की कहानी) का चयन किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 30 बच्चों ने मीना मंच, सेल्फ एस्टीम और बालिका शिक्षा से जुड़े प्रयासों से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों का वाचन किया। वहीं कॉमिक बुक/पोस्टर श्रेणी में 30 बच्चों ने जेंडर स्टीरियोटाइप विषय पर रचनात्मक पोस्टर बनाकर अपनी सोच और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुल 10 प्रतिभागियों (5 बदलाव की कहानी और 5 कॉमिक बुक/पोस्टर) को मंडल स्तर के लिए चयनित किया। बदलाव की कहानी श्रेणी में चयनित प्रतिभागी: कृपानंद (उप्रा.वि. पटी, चहनियां), अदिति चौरसिया (उप्रा.वि. मथेला, चहनियां), रुचि प्रजापति (कम्पोजिट विद्यालय भोड़सर, शहाबगंज), तृषा गुप्ता (कम्पोजिट विद्यालय मुहम्मदपुर, शहाबगंज) और कृतिका विश्वकर्मा (उप्रा.वि. चकिया, चकिया)। कॉमिक बुक/पोस्टर श्रेणी में चयनित प्रतिभागी:
पूजा (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चकिया), अनुष्का (कम्पोजिट विद्यालय सरने, नियामताबाद), वर्षा (कम्पोजिट विद्यालय ठेकहों, शहाबगंज), अभिषेक (उप्रा.वि. भगवानपुर, चहनियां) और रुबीना (उप्रा.वि. मथेला, चहनियां)।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिकायल भारती, प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सकलडीहा रहे। कार्यक्रम का संयोजन जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमिता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अनिता कुमारी, जयप्रकाश, सुभाष यादव, एसआरजी वंदना वर्मा, अनुराधा, आशुतोषपति त्रिपाठी सहित सभी ब्लॉक नोडल बालिका शिक्षा—इंदु श्रीवास्तव, सुदामा, इरफान, रक्षारानी, विमला और सुनील केशरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक मुद्दों पर उनकी संवेदनशील समझ ने सभी को प्रभावित किया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Leave Comments
Login to leave a comment.