मुगलसराय में सपा का एकदिवसीय धरना, जनसमस्याओं पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; समाधान न हुआ तो तेज होगा आंदोलन
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय। नगर पालिका परिषद मुगलसराय क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व में सोमवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना समाप्त होने के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनुपम मिश्रा को समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की। धरना स्थल पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर की जर्जर सड़कों, जलनिकासी की खराब व्यवस्था, गंदगी, पेयजल संकट, स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति, मकान टैक्स सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की बदहाली के मुद्दे उठाए। नेताओं का आरोप था कि नगर पालिका परिषद द्वारा जनसमस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि मुगलसराय नगर की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि मूलभूत समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी जिले भर में आंदोलन तेज करेगी। विधानसभा मुगलसराय के पूर्व प्रत्याशी चन्द्रशेखर यादव ने नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लापरवाही के कारण जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है और शीघ्र समाधान न होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
पूर्व चेयरमैन मुसाफिर चौहान ने कहा कि नगर में सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नगर अध्यक्ष सोनू चौहान ने बताया कि समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। विधानसभा अध्यक्ष तस्लीम अंसारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की प्राथमिकता होना चाहिए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में बाबूलाल यादव, नफीस अहमद, सुदामा यादव, संतोष यादव, स्वदेशी गुप्ता, राजाराम सोनकर, अजय इंद्रेश, मोनू जायसवाल, औसाफ अहमद, आरिफ सिद्दीकी, इरशाद, सैफी, अशोक, चंद्रप्रकाश, रजत वर्मा, रमेश, वीरेंद्र प्रधान, विजई, आनंद, विनय डब्बू, अनिल, अजीत बबलू, कैलाश, प्रदीप, पिंटू, अजय, सुल्तान खान समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। एसडीएम का आश्वासन
उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि काफी संख्या में लोग धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे और उनकी मांगों से संबंधित पत्रक प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे और एक महीने के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर समस्या दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
Leave Comments
Login to leave a comment.