मुगलसराय की बोरा फैक्ट्री में आग शॉर्ट सर्किट से लगी, लाखों के नुकसान का अनुमान।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर फेज-1 स्थित एक प्लास्टिक बैग बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार रात्रि को आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
यह फैक्ट्री प्लास्टिक बोरा निर्माण से संबंधित है, जिसके मालिक आर.के. चौधरी बताए जा रहे हैं। आग के कारण फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में कच्चा माल, प्लास्टिक के बोरे और मशीनें जलकर खाक हो गईं। नुकसान का सही आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पड़ोसी फैक्ट्री के कर्मचारी उत्तम कुमार मिश्रा ने बताया कि अचानक फैक्ट्री से धुआं निकलता दिखा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर शोर मचाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर प्रभारी अमित राय ने बताया कि उन्हें सुबह 8:35 बजे आरएएस पॉलिटिक्स कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। उन्होंने आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है, जिसका अनुमान एक करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का सटीक आकलन अभी सामने नहीं आया है। घटना की सूचना पर मुगलसराय थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तैनात रही। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Leave Comments
Login to leave a comment.