होली पर उज्ज्वला परिवारों को बड़ी सौगात: 1.86 करोड़ लाभार्थियों को गैस रिफिल सब्सिडी, चकिया में प्रमाण पत्र वितरण।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। होली के पावन अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.86 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को ₹1,500 करोड़ से अधिक की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी हस्तांतरित की। यह राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भेजी गई।
इसी क्रम में जनपद चंदौली में कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लगभग 50 उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीक प्रमाण पत्र वितरित किए गए। चकिया चेयरमैन द्वारा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दी गईं।
जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत अब तक कुल 1,95,905 गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, जिनके लाभार्थियों को इस योजना का सीधा लाभ प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने योजना के महत्व तथा सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
होली के अवसर पर मिली इस सौगात से जनपद की महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और लाभार्थियों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
Leave Comments
Login to leave a comment.