डीडीयू स्टेशन पर मासूम का अपहरण नाकाम: महिला की सूझबूझ और जीआरपी की तत्परता से 4 आरोपी गिरफ्तार, बच्चा सकुशल बरामद।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय/पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू स्टेशन) परिसर में एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अपहृत मासूम बच्चे को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। मामले में कथित बच्चा चोरी करने वाले गिरोह के तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला की सूझबूझ और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई।जानकारी के अनुसार, बीती रात डीडीयू स्टेशन के पास पुल के नीचे एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ सो रही थी। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए कथित बच्चा चोर गिरोह ने सोते समय मासूम को उठा लिया। जब महिला की नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं मिला। घबराई महिला ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी।सूचना मिलते ही जीआरपी सक्रिय हो गई और स्टेशन परिसर व आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। कुछ ही घंटों की खोजबीन के बाद पुलिस ने तीन पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का गिरोह स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों से छोटे बच्चों को अगवा कर उन्हें कथित रूप से बेचने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दूध की बोतलें, नवजात शिशुओं के नए कपड़े और नशे की दवाएं बरामद हुई हैं। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी बच्चों को दूध में नशे की गोली मिलाकर पिला देते थे, जिससे बच्चा बेसुध हो जाता था और कपड़े बदलकर उसकी पहचान छिपा दी जाती थी। इसके बाद बच्चे की उम्र (करीब 2 महीने से 1 साल) के हिसाब से उसकी कीमत तय कर उसे बेचने की कोशिश की जाती थी।पुलिस के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। समय रहते जीआरपी की तत्परता और महिला की सतर्कता से एक बड़ा अपराध होने से बच गया, जिससे क्षेत्र में राहत की सांस ली जा रही है।
Leave Comments
Login to leave a comment.