मद्दूपुर (चंदौली) में वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन, ग्रामीणों को बैंकिंग व निवेश की दी गई जानकारी।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय नई दिल्ली के आदेश के तत्वाधान में ग्राम मद्दूपुर, जनपद चंदौली में वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 60 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वित्तीय सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर अग्रणी जिला अधिकारी श्री दिशांत चंद्रयान (आरबीआई), अग्रणी जिला प्रबंधक चंदौली श्री सुनील कुमार भगत, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड श्री विजेंद्र कुमार, निर्देशिका श्रीमती स्मृति आरसेठी तथा सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को केवाईसी, री-केवाईसी, सीकेवाईसी, साइबर फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित निवेश, बीमा योजनाएं, जमा के प्रकार और बैंकिंग सुविधाओं के बारे में सरल तरीके से समझाया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा स्वरोजगार से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के कुछ आवेदन प्राप्त किए गए, वहीं जन सुरक्षा योजना के अंतर्गत कई ग्रामीणों का नामांकन भी किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना रहा, जिससे वे सुरक्षित और योजनाबद्ध तरीके से अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकें।
Leave Comments
Login to leave a comment.