Breaking News
Kashi Ki Aawaz | रामगढ़ में शराब की दुकानों के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा, बाजार बंद कर धरने पर बैठे व्यापारी।
सोनभद्र

रामगढ़ में शराब की दुकानों के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा, बाजार बंद कर धरने पर बैठे व्यापारी।

रामगढ़ में शराब की दुकानों के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा, बाजार बंद कर धरने पर बैठे व्यापारी।

ब्यूरो रिपोर्ट तारा शुक्ला सोनभद्र

सोनभद्र (रामगढ़)। रामगढ़ कस्बे के कसारी स्थित सब्जी मंडी में संचालित कंपोजिट अंग्रेजी बीयर एवं देसी शराब की दुकानों के खिलाफ रविवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। रामगढ़ व्यापार मंडल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने बाजार में संचालित शराब की दुकानों को बंद कराकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दुकानों को तत्काल हटाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि कसारी मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित होने से आए दिन अप्रिय घटनाएं हो रही हैं। शराब पीकर आने वाले लोग बाजार में हंगामा करते हैं जिससे आम लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि शराब की वजह से क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि जिस स्थान पर अंग्रेजी और देसी शराब की दुकान संचालित हो रही है, उसके ठीक सामने और पीछे कोचिंग संस्थान में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। व्यापारियों के अनुसार शराब के नशे में धुत लोग कोचिंग आने-जाने वाली छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों शराब की दुकानों को यहां से नहीं हटाया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल व्यापारी दुकान के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.