चंदौली में फार्म हाउस पर युवक की हत्या
सोते समय सिर में गोली मारी, बदमाश DVR भी ले गए
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक फार्म हाउस पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
मृतक की पहचान जलालपुर गांव निवासी 27 वर्षीय विशाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विशाल सिंह फार्म हाउस पर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शुरुआत में शव उठाने से इनकार कर दिया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद लगभग दो घंटे बाद परिजन मुकदमा दर्ज कराने को तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे ने बताया कि मृतक के परिवार का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि अक्टूबर माह से अब तक जिले में एक दर्जन से अधिक हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस इस हत्याकांड के खुलासे के लिए जांच में जुटी हुई है।
Leave Comments
Login to leave a comment.