अवैध तरीके से संचालित तीन हॉस्पिटल सीज, मचा हड़कंप।
ब्यूरो रिपोर्ट तारा शुक्ला सोनभद्र
दुद्धी । जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई की। नोडल अधिकारी प्राइवेट हॉस्पिटल पंजीयन डॉ० गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने दुद्धी और विंढमगंज में छापेमारी कर तीन अवैध क्लीनिक/हॉस्पिटल को नोटिस देते हुए सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्यवाही से अवैध हॉस्पिटल संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया और अन्य संचालनकर्ता अपने हॉस्पिटलों का शटर गिरा कर फरार हो गए। गुरुवार को निजी हॉस्पिटल पंजीयन के नोडल अधिकारी डॉ० गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में एक टीम ने दुद्धी और विंढ़मगंज में छापेमारी की। टीम ने सबसे पहले समृद्धि हॉस्पिटल दुद्धी पर छापेमारी की, इस दौरान संचालक की तरफ से हॉस्पिटल के पंजीकरण का कोई वैध कागजात नहीं। दिखाया गया, जिस पर टीम ने हॉस्पिटल के अवैध संचालन पर उसे सील कर दिया और भविष्य में बगैर पंजीकरण हॉस्पिटल संचालित करने पर FIR दर्ज करने की चेतावनी भी दी। इसके पश्चात टीम ने विंढमगंज क्षेत्र में पहुंची, जहां बिना नाम से संचालित एक अवैध क्लीनिक को सील करते हुए इसके संचालक औरंगजेब को नोटिस दी। इसके बाद टीम ने परी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अस्पताल पर कोई बोर्ड तक नहीं लगा था और संचालक सूरज कुमार दूबे की तरफ से बिना डॉक्टर के ही चार नवजात शिशुओं का इलाज किया जा रहा था, जो बेहद खतरनाक और नियमों का खुला उल्लंघन है। जिसपर टीम ने हॉस्पिटल को सील करते हुए उपचाराधीन सभी नवजात बच्चों को सीएचसी दुद्धी भेजवा दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है। नोडल अधिकारी डॉ० गुलाब शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि सीएचसी अधीक्षक को भी अवैध अस्पतालों के जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
Leave Comments
Login to leave a comment.