दमड़ी पहाड़ी पर मिले शव मामले में आया नया मोड़, पत्नी पर लगे गंभीर आरोप।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दमड़ी पहाड़ी (जागेश्वर नाथ पहाड़ी) पर शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। बाद में मृतक की पहचान अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी राजेश चौहान (पुत्र मत्तन चौहान) के रूप में हुई।
आठ दिन से थे लापता
जानकारी के अनुसार, राजेश चौहान 13 फरवरी 2026 की सुबह किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने अलीनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लगभग आठ दिन बाद दमड़ी पहाड़ी पर शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
चार महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, राजेश की शादी 22 नवंबर 2025 को अनीता नामक युवती से हुई थी। विवाह को अभी करीब चार माह ही हुए थे। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मृतक के परिजनों ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम के बाद सड़क जाम
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव अलीनगर थाना क्षेत्र पहुंचा, आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने राजेश की पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ किए जाने की मांग की। चक्का जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम समाप्त करवाया, जिससे आवागमन बहाल हो सका। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंडियन ऑयल में करता था कार्य
परिवार के अनुसार, राजेश चौहान इंडियन ऑयल में ड्यूटी करता था। उनकी अचानक गुमशुदगी और फिर पहाड़ी पर शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Leave Comments
Login to leave a comment.