दुकान बंद करने पर दबंगों का हमला, अंडे विक्रेता का सिर फोड़ा
सकलडीहा कोतवाली में तहरीर, एक आरोपी गिरफ्तार।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली।सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बथावर गांव में मंगलवार देर रात एक दुकानदार पर दबंग युवकों ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अंग्रेजी शराब की दुकान के पास हुई, जहां अंडे की दुकान लगाने वाले अरविंद विश्वकर्मा को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
बथावर गांव निवासी 30 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा के पुत्र हैं। वह अपनी आजीविका चलाने के लिए बथावर स्थित शराब ठेके के पास अंडे की दुकान लगाते हैं। मंगलवार देर रात वह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव के कुछ युवक शराब के नशे में वहां पहुंचे और दुकान खुलवाकर अंडे देने की जिद करने लगे। अरविंद ने दुकान बंद होने की बात कहते हुए उन्हें मना किया और घर जाने को कहा। पीड़ित के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट से वार कर अरविंद का सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना के बाद बुधवार को पीड़ित दुकानदार ने सकलडीहा कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave Comments
Login to leave a comment.