टेढ़ा बिजली का पोल बना हादसों का कारण, हरिजन बस्ती में दहशत का माहौल
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र के मुगलसराय स्थित बभोगवारे हरिजन बस्ती में एक टेढ़ा बिजली का पोल लगातार दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। पोल की स्थिति इतनी खराब है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे स्थानीय लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह बिजली का पोल लंबे समय से झुका हुआ है। बस्ती के रास्ते से रोज़ाना बच्चों, बुज़ुर्गों और राहगीरों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही के कारण लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते पोल को ठीक नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। इस संबंध में राजेश भारती, पिंटू भारती, भानु, दया और गोलू सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।अब देखना यह है कि बिजली विभाग और प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और आम जनता को राहत मिल पाती है या नहीं।
Leave Comments
Login to leave a comment.