Breaking News
Kashi Ki Aawaz | शंकराचार्य प्रकरण पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन।
चंदौली

शंकराचार्य प्रकरण पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन।

शंकराचार्य प्रकरण पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन।

फर्जी मुकदमा तत्काल वापस हो, अन्यथा होगा आंदोलन।

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के तत्वावधान में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर दर्ज मुकदमे के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम पत्र प्रेषित किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा शंकराचार्य एवं उनके शिष्यों के विरुद्ध फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है, जो पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण है। प्रदेश महासचिव कांग्रेस एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा, “भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी को संगम स्नान से रोककर और उनके शिष्यों के साथ दुर्व्यवहार कर सनातन धर्म का अपमान किया है। अब उन पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर सरकार अपनी असहिष्णु मानसिकता दिखा रही है। कांग्रेस पार्टी संत समाज के अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।”

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा, “पूरा देश जानता है कि वर्तमान भाजपा सरकार किसी की भी सही बात सुनना नहीं चाहती। जो भी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे प्रताड़ित किया जाता है। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी और उनके शिष्यों के साथ जो व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है।” उन्होंने आगे कहा, “कुंभ के दौरान उन्हें स्नान से रोकना, उनके शिष्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार करना और अब एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से झूठा मुकदमा दर्ज कराना सरकार की हठधर्मिता को दर्शाता है। यह केवल एक संत का नहीं बल्कि सनातन धर्म और करोड़ों आस्थावानों का अपमान है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।”

कांग्रेस ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए तत्काल प्रभाव से फर्जी मुकदमा वापस लिया जाए और झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में बृजेश गुप्ता, मधु राय, विजय त्रिपाठी, रजनीकांत पांडे, नारायण मूर्ति ओझा, राजेंद्र गौतम, दया राम पटेल, रामानंद यादव, तौफिक खान, शशिनाथ उपाध्याय, भवानी शरण सिंह, राहुल, राममूरत गुप्ता, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, गुलाब राम, शिवेंद्र मिश्रा, बदरुद्दुजा अंसारी, अमरदेव राम, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, मुकेश नंदन, सतेंद्र उपाध्याय, राकेश सिंह, राकेश पाठक, चंद्रशेखर तिवारी, नियाज अहमद, पवन पासवान, अनिल श्रीवास्तव, गौरव मिश्रा, शैलेश यादव, प्रकाश शर्मा, पंकज तिवारी, संतोष चौबे, शमशेर खान, रमेश पांडे, अरविंद श्रीवास्तव, बद्री तिवारी, सुजीत सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.