सैयदराजा के काजीपुर में बड़ी चोरी: सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चोर, 7 लाख के गहने व नकदी ले उड़े।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घर के बाहर सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे बदमाशों ने कमरे में सो रहे परिजनों को बाहर से लॉक कर दिया और पूरी रात आराम से घर खंगालते रहे।
परिजनों के अनुसार चोर करीब 10 सेट सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। परिवार का दावा है कि कुल मिलाकर करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह बाहर निकलने के बाद घर का सामान बिखरा देख होश उड़ गए। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि पेट्रोलिंग सख्त करने की मांग की है।
परिजनों ने बताया कि चोरों ने बहुत सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया था, जिससे वे शोर भी नहीं मचा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया है।
Leave Comments
Login to leave a comment.