सिविल बार चुनाव: नामांकन प्रक्रिया शुरू, अध्यक्ष-महामंत्री पद पर दावेदारों ने भरे पर्चे
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। जिले के प्रतिष्ठित सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। बार सभागार कक्ष में चुनाव अधिकारी की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से नामांकन कराया गया। पहले ही दिन अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए कई उम्मीदवारों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी।
अध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं महामंत्री पद के लिए आशुतोष कुमार मिश्र, सत्य प्रकाश केसरी और संदीप यादव ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए। नामांकन शुरू होते ही विभिन्न प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ अधिवक्ता साथियों से मुलाकात कर सहयोग और समर्थन की अपील भी की।
चुनाव अधिकारी चंद्रमौली उपाध्याय ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 6 और 7 फरवरी तक चलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रत्याशी के साथ एक प्रस्तावक और एक समर्थक का होना अनिवार्य है, जिनके पास वैध सीओपी कार्ड होना चाहिए। सिविल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव 13 फरवरी को होगा, जिसमें मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
महामंत्री पद के प्रत्याशी आशुतोष कुमार मिश्र ने कहा कि अधिवक्ताओं का हित उनके लिए सर्वोपरि है और वे बार की गरिमा व अधिवक्ताओं के मान-सम्मान को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं सत्य प्रकाश केसरी ने भी बार की प्रतिष्ठा को प्राथमिकता बताते हुए अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। संदीप यादव ने अधिवक्ता बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग और समर्थन की अपील की।
इस दौरान चुनाव अधिकारी कपिल देव सिंह, कामता प्रसाद यादव, विनोद कुमार सिंह, सफीक एडवोकेट, शासकीय अधिवक्ता शशि शंकर सिंह समेत कई अधिवक्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बार चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह और चुनावी हलचल तेज हो गई है।
Leave Comments
Login to leave a comment.