सम्पूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक सम्पन्न: आकांक्षी से ‘मॉडर्न जनपद’ बनने की ओर अग्रसर चंदौली।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। नीति आयोग, भारत सरकार के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह विशेष अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक तीन माह तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों एवं ब्लॉकों में चिन्हित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करना है। शिवम मिश्रा ने कहा कि जनपद चंदौली स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है। यदि इसी प्रकार अन्य मानकों पर भी लक्ष्य आधारित कार्य किया गया, तो जनपद शीघ्र ही आकांक्षी श्रेणी से बाहर निकलकर विकसित एवं “मॉडर्न जनपद” के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। आकांक्षी ब्लॉकों के लिए निर्धारित 6 प्रमुख केपीआई पर विशेष फोकस किया जाएगा, जिनमें आईसीडीएस कार्यक्रम के अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की नियमित माप एवं पोषण ट्रैकिंग, सभी संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यात्मक शौचालय, प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर शुद्ध पेयजल सुविधा, स्कूलों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त एवं कार्यात्मक शौचालय और गोवंश का एफएमडी टीकाकरण शामिल हैं। जिले में निम्नलिखित 5 प्रमुख केपीआई पर कार्य किया जाएगा— जन्म के समय जीवित शिशुओं का शत-प्रतिशत वजन, अनुमानित मामलों के सापेक्ष क्षय रोग (टीबी) की अधिसूचना दर में वृद्धि, ग्राम/शहरी स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का नियमित आयोजन, कार्यात्मक बालिका शौचालयों वाले स्कूलों का शत-प्रतिशत लक्ष्य और पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण। बैठक में नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट पर जोर दिया गया। शिवम मिश्रा ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि किसी भी विद्यालय या आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए शौचालय बंद न मिले। स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और बच्चों को स्वच्छ आदतों की शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
Leave Comments
Login to leave a comment.