रात में विद्यालय में घुसकर अराजक तत्वों ने की तोड़फोड़, पानी टंकी से शौचालय तक नुकसान
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चकिया/इलिया:
इलिया थाना क्षेत्र के खरौंझा गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार की रात अज्ञात अराजक तत्वों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। बदमाशों ने विद्यालय परिसर में बिजली की वायरिंग उखाड़ दी और पानी की टंकी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी। इसके अलावा शौचालय की टाइल्स और फिटिंग भी तोड़ दी गई। कई कमरों के ताले तोड़ने का प्रयास किया गया, हालांकि कुछ कमरों के दरवाजे और मजबूत कुंडी होने के कारण अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई। प्रधानाध्यापक हौसला पांडेय ने बताया कि विद्यालय की संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पानी और बिजली की आपूर्ति ठप होने से छात्रों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। विद्यालय प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी घटना की निंदा करते हुए विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। प्रधानाध्यापक ने मामले में थाने पर लिखित तहरीर देकर उचित कार्रवाई की अपील की है।
Leave Comments
Login to leave a comment.