Breaking News
Kashi Ki Aawaz | रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से मनाया गया संत कबीर विद्यालय का वार्षिकोत्सव
चंदौली

रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से मनाया गया संत कबीर विद्यालय का वार्षिकोत्सव

रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से मनाया गया संत कबीर विद्यालय का वार्षिकोत्सव

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल 

चकिया (अशोक कुमार जायसवाल जयसवाल ): संत कबीर एजुकेशनल एकेडमी एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इलिया का वार्षिकोत्सव समारोह शनिवार को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पीडीडीयू नगर के विधायक रमेश जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव तथा समाजसेवी डॉ. गीता शुक्ला ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद स्वागत गीत, लोकगीत, प्रहसन, एकांकी, कव्वाली, भक्ति संगीत और देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, सामाजिक जागरूकता और सीमा पर तिरंगा फहराने जैसे विषयों पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश भी दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा स्नेहा कुमारी को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को रेंजर, साइकिल, पंखा, घड़ी सहित अन्य उपयोगी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक राधा कृष्ण जायसवाल ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जायसवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल, ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, संदीप गुप्ता, थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, राघवेंद्र सिंह, गुरुदेव चौहान, कैलाश जायसवाल, प्रीति जायसवाल, आलोक जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.