Breaking News
Kashi Ki Aawaz | पुलिस पिकेट के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान में फिर चोरी, एक महीने में दूसरी वारदात से व्यापारियों में दहशत
चंदौली

पुलिस पिकेट के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान में फिर चोरी, एक महीने में दूसरी वारदात से व्यापारियों में दहशत

पुलिस पिकेट के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान में फिर चोरी, एक महीने में दूसरी वारदात से व्यापारियों में दहशत

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल 

मुगलसराय (पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर), चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चकिया मोड़ तिराहा स्थित पुलिस पिकेट के ठीक सामने संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान में एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि 16 जनवरी और 16 फरवरी—दोनों ही तारीखों को चोरों ने एक ही दुकान को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोर बंद दुकान के पीछे के हिस्से से अंदर घुस गए और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के गोदाम तक पहुंच गए और गल्ले में रखी नकदी के साथ ही महंगी अंग्रेजी शराब की कई बोतलें चोरी कर ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। भुक्तभोगी संचालक विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि 16 जनवरी को हुई पहली चोरी के बाद उन्होंने पुलिस को लिखित सूचना दी थी, लेकिन उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ठीक एक महीने बाद 16 फरवरी को फिर चोरी हो जाने से दुकानदारों और आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि पिछली घटना में चोरों ने टिन शेड तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद चुरा लिए थे, जबकि इस बार शटर का बोल्ट खोलकर अंदर घुसे चोर नकदी के साथ महंगी शराब की बोतलें भी ले गए। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर करीब तीन लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकानदार ने आरोप लगाया कि संबंधित अंग्रेजी शराब की दुकान का आवंटन अलीनगर थाना क्षेत्र में है, लेकिन वर्तमान में यह मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में संचालित हो रही है। पुलिस पिकेट के ठीक सामने लगातार दो बार चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में रेलवे चौकी प्रभारी अजय यादव ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.