Breaking News
Kashi Ki Aawaz | पीडीडीयू नगर में सिक्स लेन सड़क व पार्क निर्माण की मांग, काली मंदिर स्थानांतरण पर जताया विरोध।
चंदौली

पीडीडीयू नगर में सिक्स लेन सड़क व पार्क निर्माण की मांग, काली मंदिर स्थानांतरण पर जताया विरोध।

पीडीडीयू नगर में सिक्स लेन सड़क व पार्क निर्माण की मांग, काली मंदिर स्थानांतरण पर जताया विरोध।

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

मुगलसराय/पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर। जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में जाम की समस्या, सिक्स लेन सड़क निर्माण, काली मंदिर के स्थानांतरण और नगर में पार्क की व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर ज्ञापन के माध्यम से नगर की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया। ज्ञापन में अधिवक्ता ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में लगातार लगने वाले भीषण जाम से नगरवासी परेशान हैं। जिन स्थानों पर पहले से फोरलेन सड़क बनी हुई है, वहीं पर दोबारा फोरलेन निर्माण कराया जा रहा है, जिसे उन्होंने सरकारी धन की बर्बादी बताया। उनका कहना है कि जीटी रोड के दोनों ओर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, ऐसे में नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए वहां सिक्स लेन सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने प्राचीन काली माता मंदिर को शौचालय के पास स्थापित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि काली माता की अपनी जमीन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में मौजूद है। यदि सिक्स लेन सड़क का निर्माण किया जाना है तो मंदिर को उसकी स्वयं की जमीन पर ही स्थापित किया जाए, अन्यथा मंदिर को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रहने दिया जाए। संतोष कुमार पाठक ने नगर में पार्क की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मुगलसराय में ऐसा कोई सार्वजनिक पार्क नहीं है, जहां लोग सुबह-शाम टहल सकें। लोग रेलवे के बाकले ग्राउंड में टहलने जाते हैं, लेकिन समय-समय पर रेलवे प्रशासन द्वारा वहां टहलने पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है, जिससे नागरिकों को असुविधा और अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि नगरवासियों की सुविधा के लिए मुगलसराय में एक सुंदर सार्वजनिक पार्क का निर्माण कराया जाए। अधिवक्ता ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नगर की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि जाम से राहत मिल सके और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.