कलवारी-खलियारी स्टेट हाईवे चौड़ीकरण में लापरवाही, सुरक्षा इंतजाम नदारद।
ब्यूरो रिपोर्ट तारा शुक्ला सोनभद्र
सोनभद्र। कलवारी-खलियारी स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे खोदे गए गड्डों के पास किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क चौड़ीकरण के तहत मार्ग की पटरी की खुदाई मशीनों से कराई जा रही है। कई स्थानों पर गड्ढे सड़क के बिल्कुल किनारे तक बने हुए हैं, लेकिन वहां न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही मिट्टी भरी बोरियां या अन्य सुरक्षा उपाय किए गए हैं। ऐसे में ओवरटेक के दौरान वाहन गड्ढे में जाने का खतरा बना रहता है। बताया जाता है कि कलवारी-खलियारी मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित किए जाने के बाद इसके चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। मानकों के अनुसार सड़क की चौड़ाई 10 मीटर होनी चाहिए, जबकि वर्तमान में यह लगभग 7 मीटर ही है। इसी के तहत धुरकर से राबर्ट्सगंज धर्मशाला चौक तक करीब 40 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान पटरी की खुदाई कर सोलिंग भी डाली जा रही है, लेकिन सुरक्षा के अभाव में वाहन चालक लगातार हादसे के डर में सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति बाधित
सड़क चौड़ीकरण के दौरान नमामि गंगे योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। हर घर नल जल योजना के तहत लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाली गई यह पाइपलाइन टूटने से गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
Leave Comments
Login to leave a comment.