Breaking News
Kashi Ki Aawaz | हेडलाइट बंद बाइक ने मारी टक्कर, मजदूर की मौत से गांव में कोहराम
चंदौली

हेडलाइट बंद बाइक ने मारी टक्कर, मजदूर की मौत से गांव में कोहराम

हेडलाइट बंद बाइक ने मारी टक्कर, मजदूर की मौत से गांव में कोहराम परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, आरोपी चालक गिरफ्तार

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली। सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। भजन-कीर्तन के लिए मंदिर जा रहे 56 वर्षीय शिवशंकर राय को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जाता है कि विशुनपुरा गांव निवासी शिवशंकर राय शुक्रवार शाम गांव के दुर्गा माता मंदिर में भजन-कीर्तन के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़ावल की ओर से आ रही एक बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आ गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर उन्हें तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक चालक बिना हेडलाइट जलाए वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बाइक और चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि आरोपी धीरज विश्वकर्मा (पुत्र चन्द्रहास विश्वकर्मा, निवासी गुहास, थाना अलीनगर, मुगलसराय) को गिरफ्तार कर लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी बरामद कर ली गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक शिवशंकर राजभर पेशे से मजदूर थे और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति माने जाते थे। वह प्रतिदिन गांव के मंदिर में भजन-कीर्तन में शामिल होते थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी मीना देवी, पुत्र पप्पू राजभर और चार विवाहित पुत्रियां—राजवंती, विद्यावंती, पूनम व सरोज—छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया है। गांव में घटना के बाद शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.