चंदौली: मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर चला विशेष जागरूकता अभियान
अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज-5.0) के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को केंद्र में रखते हुए जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीम द्वारा बाजारों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों तथा सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौपाल और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण एवं सहायता के लिए उन्हें जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख कानूनों—घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994—के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्य, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित व सशक्त वातावरण प्रदान करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
Leave Comments
Login to leave a comment.