चंदौली में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण: डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग परखी सुरक्षा व्यवस्था।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। जनपद में आगामी निर्वाचन की तैयारियों के मद्देनज़र जिला निर्वाचन अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी आर जगत साई ने फरवरी माह के निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से वेयरहाउस के बाहर एवं परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, रिकॉर्डिंग सिस्टम और निगरानी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा रिकॉर्डिंग की समय-समय पर जांच की जाती रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पीडी डीआरडीए सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यगण मौजूद रहे। सभी प्रतिनिधियों ने सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन करने के बाद संतोष व्यक्त किया और कहा कि जनपद में निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
Leave Comments
Login to leave a comment.