चंदौली में बंदरों के आतंक से युवक की मौत सिकंदरपुर में छत से कूदने पर सिर में आई गंभीर चोट, ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान तोड़ा दम
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। जनपद के चकिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकंदरपुर में बंदरों के बढ़ते आतंक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शनिवार, 21 फरवरी 2026 को बंदरों के डर से छत से कूदने पर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर निवासी सरोज गुप्ता (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सालीक गुप्ता शनिवार को अपने घर की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गए थे। इसी दौरान छत पर मौजूद बंदरों का झुंड उनकी ओर बढ़ा। बंदरों के हमले के डर से घबराकर सरोज ने छत से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। असामयिक निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर घटना से अवगत कराया तथा पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है। रविवार को पुलिस ने आवश्यक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बंदरों के आतंक पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि आए दिन बंदरों के हमलों और उत्पात की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़वाने या अन्य प्रभावी कदम उठाकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
Leave Comments
Login to leave a comment.