चन्दौली में ऑपरेशन बचपन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 6 नाबालिग बच्चे बाल मजदूरी से मुक्त।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चन्दौली। जनपद में चल रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत संचालित “ऑपरेशन बचपन अभियान” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मुगलसराय क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर काम कर रहे 6 नाबालिग बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लाग्हें के निर्देशन में की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह द्वारा की जा रही थी। ग्राम रौना के दो ईंट भट्ठों पर छापेमारी एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, बालश्रम अधिकारी चन्द्रप्रकाश, एएचटी टीम के कांस्टेबल रामजी धुसिया एवं महिला कांस्टेबल पारो गिरि की संयुक्त टीम ने थाना मुगलसराय क्षेत्र के ग्राम रौना स्थित दो ईंट भट्ठों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां कुल 6 नाबालिग बच्चे मजदूरी करते पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया। मुक्त कराए गए बच्चों को उनके परिजनों को सख्त हिदायत के साथ सुपुर्द किया गया। वहीं बालश्रम अधिकारी द्वारा संबंधित भट्ठा संचालकों के विरुद्ध चाइल्ड लेबर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 8, 9(2) तथा नियम 11 व 16 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही जिले के सभी ईंट भट्ठा संचालकों को बालश्रम मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिला पंचायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बालश्रम के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई सख्ती से की जाएगी। “ऑपरेशन बचपन” का उद्देश्य बच्चों को शोषण से मुक्त कर उन्हें शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करना है।
Leave Comments
Login to leave a comment.