चन्दौली: जनता दर्शन में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं 33 फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश।
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चन्दौली। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आदित्य लांग्हे ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जनता दर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना ही चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रत्येक प्रार्थना पत्र के संबंध में संबंधित राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले सभी नागरिकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
बताया गया कि आज आयोजित जनता दर्शन में कुल 33 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर दिया गया। जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।
Leave Comments
Login to leave a comment.