Breaking News
Kashi Ki Aawaz | बबुरी में फर्जी पैथोलॉजी केंद्रों पर शिकंजा कसने की तैयारी
चंदौली

बबुरी में फर्जी पैथोलॉजी केंद्रों पर शिकंजा कसने की तैयारी

बबुरी में फर्जी पैथोलॉजी केंद्रों पर शिकंजा कसने की तैयारी

मरीजों की जान से खिलवाड़ का आरोप, सीएमओ ने जांच के दिए निर्देश

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

बबुरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कथित रूप से संचालित फर्जी पैथोलॉजी जांच केंद्रों और बिना मानक चल रहे निजी अस्पतालों का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कई जांच केंद्र बिना पंजीकरण, प्रशिक्षित स्टाफ और आवश्यक संसाधनों के धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, जिससे मरीजों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों महेंद्र, कैलाश, संतोष और रमेश कुमार का कहना है कि कई पैथोलॉजी केंद्रों पर न तो मान्यता प्राप्त पैथोलॉजिस्ट की तैनाती है और न ही जरूरी मशीनें व उपकरण उपलब्ध हैं। इसके बावजूद मरीजों की जांच कर रिपोर्ट जारी की जा रही है। कुछ निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के बीच आपसी गठजोड़ की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में की गई शिकायतों के बाद भी कार्रवाई केवल औपचारिक छापेमारी तक सीमित रही, जिससे अवैध रूप से संचालित केंद्रों पर कोई प्रभावी रोक नहीं लग सकी। गलत जांच रिपोर्टों के कारण कई मरीजों का उपचार प्रभावित हो रहा है और कई मामलों में बीमारी की सही पहचान तक नहीं हो पा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जन आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वाई.के. राय ने बताया कि बबुरी क्षेत्र में फर्जी और बिना मानक संचालित जांच केंद्रों की शिकायतें विभाग के संज्ञान में आई हैं। मामले की जांच के लिए विभागीय टीम को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी जांच केंद्र बिना पंजीकरण या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सीलिंग और विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध जांच केंद्र की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय रहते सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल पूरे मामले में विभागीय जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.