अलीनगर में टैंकर और पिकअप की टक्कर, चालक केबिन में फंसा
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कोरी गांव के समीप रिंग रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आमने-सामने टैंकर और पिकअप की टक्कर में पिकअप का चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।झांसी के चित्रकूट निवासी शत्रुघ्न सिंह (35 वर्ष) पिकअप पर मुजफ्फरपुर से प्लाईवुड लादकर वाराणसी जा रहा था। वहीं अलीनगर निवासी चालक डब्लू चौहान (34 वर्ष) आजमगढ़ से तेल खाली कराकर वापस डिपो अलीनगर आ रहा था। जैसे ही दोनों कोरी गांव के समीप रिंग रोड के ओवर ब्रिज पर पहुंचे, आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप का चालक केबिन में फंस गया, जबकि टैंकर चालक और खलासी शिव कुमार (35 वर्ष) आंशिक रूप से चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप के केबिन में फंसे चालक को जेसीबी मशीन के सहयोग से बाहर निकालकर तीनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। टैंकर के चालक और खलासी को आंशिक चोटिल होने पर इलाज कर छोड़ दिया गया। इस संबंध में एसओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पिकअप का चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को बढ़ाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Leave Comments
Login to leave a comment.