Breaking News
Kashi Ki Aawaz | 10 महीनों से जलजमाव से जूझ रहा सकलडीहा इंटर कॉलेज का खेल मैदान, स्टेडियम निर्माण की उठी मांग
चंदौली

10 महीनों से जलजमाव से जूझ रहा सकलडीहा इंटर कॉलेज का खेल मैदान, स्टेडियम निर्माण की उठी मांग

10 महीनों से जलजमाव से जूझ रहा सकलडीहा इंटर कॉलेज का खेल मैदान, स्टेडियम निर्माण की उठी मांग

ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली। सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में पिछले लगभग 10 महीनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे खिलाड़ियों और एनसीसी कैडेटों को अभ्यास करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मैदान में पानी भरे रहने से खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और स्थानीय युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष पिंटू पाल ने सकलडीहा के एसडीएम कुंदन राज कपूर को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने खेल मैदान से स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने और इसे पूर्ण विकसित स्टेडियम के रूप में तैयार करने की मांग की। पिंटू पाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए रनिंग ट्रैक, दर्शक दीर्घा, चेंजिंग रूम, शौचालय, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। उन्होंने बताया कि यह मैदान जनपद का एक प्रमुख और पुराना खेल मैदान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण युवा क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी व एथलेटिक्स का अभ्यास करते हैं। साथ ही सेना, पुलिस भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा भी यहां दौड़ का अभ्यास करते हैं। पिंटू पाल ने कहा कि मूलभूत खेल सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। स्टेडियम की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उचित मंच से वंचित हैं। यह मैदान सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने वालों के लिए भी अहम स्थान है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि यहां एक सुव्यवस्थित स्टेडियम का निर्माण होता है, तो क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और वे जनपद व प्रदेश स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और वे नशे व कुरीतियों से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर होंगे।

You can share this post!

Leave Comments

Login to leave a comment.